क्या आपका जन्म 9, 18, 27 जुलाई को हुआ है
|
9, 18, 27 (मूलांक 9) जुलाई को जन्मे व्यक्ति 9 या 18 जुलाई को जन्म लेने पर आपके कारक-ग्रह मंगल, चन्द्र और नेप्चून होंगे। 27 जुलाई को जन्मे व्यक्ति सूर्य और मंगल के प्रभाव में आते हैं। यह एक बहुत प्रबल योग है और जो भी वृत्ति आप अपनाएँगे उसी में काफी सफलता और यश की आशा कर सकते हैं। आप किसी भी जिम्मेदारी और उच्च पद के लिए उपयुक्त रहेंगे। आपका स्वभाव हँसमुख, आशावादी और हिम्मत वाला होगा। आपात या संकट काल में आप अपने सर्वोत्तम गुणों का परिचय देंगे। कर्क में मंगल अपनी नीच राशि में होता है। अतः यदि आप 9 या 18 जुलाई को पैदा हुए हैं तो आपका जीवन विरोधाभास से पूर्ण होगा और अपने लक्ष्य या आकांक्षा की पूर्ति के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति और चरित्र-बल का विकास जरूरी है। आपमें अंकुशों के विरुद्ध विद्रोह करने की प्रवृत्ति होगी। व्यवहार में व्यवहार-कुशलता और समझदारी लानी होगी आप निडर और आजाद होंगे लेकिन प्रारम्भिक जीवन में आवेश के दौरे पड़ने की सम्भावना है। उन पर ठीक से काबू पाकर प्रेरक शक्ति के रूप में उनसे काम लेना होगा। आप अपने सभी कामों में दबंग और उद्यमी होंगे। आप में एक प्रकार की नेतृत्त्व भावन और दुस्साहस से प्रेम होगा। आप अपने निवास को बार-बार बदल सकते हैं और अधिक समय तक एक स्थान पर जमकर बैठना आपके लिए आसान नहीं है। सम्बन्धियों से आपका काफी मन-मुटाव रहने की सम्भावना है। विवाह कम आयु में न करना बेहतर होगा। जहाँ तक खतरों और दुर्घटनाओं की बात है, आपके जीवन में विचित्र घटनाएँ घटेंगी, विशेषकर आग, आग्नेयास्त्र, तूफान, भूकम्प और पानी से। आपको सदा अच्छा बीमा कराकर रखना चाहिए और बुढ़ापे के लिए पैसा बनाकर अलग रख छोड़ना चाहिए, नहीं तो आपको आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। आपका अनेक मुकदमों से पाला पड़ेगा जिनमें आप आम तौर से हारेंगे ही। आर्थिक दशा आर्थिक मामलों में या तो आपको भारी सफलता मिलेगी या भारी विफलता। बीच के रास्ते की कोई सम्भावना नहीं है। इस पार या उस पार। फिर भी अपके पास पैसा कमाने के लिए इतने उद्यमी विचार और योजनाएँ होंगी कि किसी-न-किसी योजना के सफल हो जाने और आपके धनी बन जाने की आशा है। आपको प्रतिवर्ष जुलाई, अक्तूबर, दिसम्बर और अप्रैल में कठिनाइयों, परेशानियों या चिढ़न से सतर्क रहना चाहिए। स्वास्थ्य आपके लिए यह महत्त्वपूर्ण विषय नहीं है। आपमें भारी जीवनी-शक्ति होगी और किसी भी बीमारी से शीघ्र स्वस्थ हो जाएँगे । महत्त्वपूर्ण बात दुर्घटनाओं से खतरे की है। टाँगों और पाँवों में चोट लगने की सम्भावना अधिक रहेगी। रेल, मोटर तथा जहाज की दुर्घटनाओं से भी खतरा है। आपको आँखों पर विशेष ध्यान देना चाहिए। मोतिया बिन्द आदि का आपरेशन कराना पड़ सकता है। आपके महत्त्वपूर्ण अंक 'नौ' 'दो' और 'सात' हैं। आपकी योजनाएँ और कार्यक्रम इन्हीं मूलांकों वाली तिथियों को पूरा करने का प्रयास कीजिए। अपना प्रभाव बढ़ाने के लिए मंगल (लाल), चन्द्र (हरा, क्रीम, सफेद) और नेप्चून (कबूतरी) के रंगों के वस्त्र धारण कीजिए। आपके भागय रत्न लाल, तामड़ा और नग हैं। इनके बाद मोती, चन्द्रकांत मणि और जेड का नम्बर है, किन्तु ये इतने महत्त्वपूर्ण नहीं हैं। 27 जुलाई को जन्मे लोगों को सूर्य (सुनहरा, पीला, नारंगी, भूरा) और मंगल (लाल) के रंगों के कपड़े पहनने चाहिएं। इनके लिए महत्त्वपूर्ण अंक 'एक', 'चार' और 'नौ' हैं। इन्हीं मूलांकों वाली तिथियों पर अपनी योजनाएँ और कार्य सम्पन्न करना हितकर होगा। तीनों तिथियों वालों के लिए सबसे घटनापूर्ण वर्ष 'एक' और 'नौ' मूलांकों वाले रहेंगे। 'नौ' मूलांक वाली तिथियों को जन्मे व्यक्तियों के प्रति इनका गहरा लगाव रहेगा।
|
|